रतनपुर पुलिस की शराब कोचियों पर बड़ी कार्रवाई, 07 लीटर महुआ शराब व 80 पाव देशी शराब जब्त

बिलासपुर | जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रतनपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना रतनपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 07 लीटर कच्ची महुआ शराब और 80 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बेलतरा में एक व्यक्ति कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है, जबकि ग्राम लखराम का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो टीम बनाकर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान ग्राम बेलतरा बजरंग चौक निवासी धर्मेन्द्र कश्यप (40 वर्ष) के घर की बाड़ी से 07 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 1400 रुपये) और 200 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। वहीं ग्राम लखराम निवासी अनिल केंवट (28 वर्ष) के पास से 80 पाव देशी प्लेन शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल (कुल कीमत लगभग 31,400 रुपये) जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इसी दौरान थाना प्रभारी अंशिका जैन के निर्देशन में नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए 05 लोगों पर शराब पीकर वाहन चलाने तथा 15 लोगों पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के मामले में भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों का रहा विशेष योगदान:
निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सउनि पवन सिंह, प्रआर सैय्यद अकबर अली, आरक्षक मनीष जायसवाल, संजय यादव, धनराज कुम्भकार, देवानंद चन्द्राकर और पवन ठाकुर।
