बिलासपुर में आज होगा भव्य “सिंध जो मेलो” सांस्कृतिक आयोजन

बिलासपुर। शहर में सिंधी समाज द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन “सिंध जो मेलो” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 15 मार्च, रविवार को शाम 6 बजे कुंदन पैलेस, बिलासपुर में आयोजित होगा।

इस मेले का मुख्य उद्देश्य सिंधी समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और खान-पान को एक मंच पर लाना है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके। कार्यक्रम में सिंधी संस्कृति की झलक, पारंपरिक व्यंजन, संगीत और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

आयोजकों के अनुसार मेले में आने वाले लोगों के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सिंधी व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पारंपरिक स्वाद का आनंद लिया जा सकेगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, सिंधी गीतों पर नृत्य प्रस्तुति और समाज के लोगों के लिए आपसी मिलन का विशेष माहौल भी तैयार किया गया है।

इस आयोजन में पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत, भारतीय सिंधु सभा बिलासपुर, भारतीय सिंधु सभा युवा एवं महिला विंग तथा सेंट्रल सिंधी युवा एवं महिला विंग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।