पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण: डीआईजी-एसएसपी रजनेश सिंह ने ली परेड, जवानों की समस्याएं सुनीं
बिलासपुर | 13 मार्च 2026
द्वारा शुक्रवार को बिलासपुर पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान परेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और जवानों के टर्न आउट, स्क्वाड ड्रिल, मार्चपास्ट और बलवा ड्रिल की जांच की गई।
परेड में बेहतर टर्न आउट और उत्कृष्ट ड्रिल प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशंसा और इनाम दिया गया, जबकि जिनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं था उन्हें अनुशासनात्मक सजा भी दी गई।
इस निरीक्षण परेड में 11 राजपत्रित अधिकारी, 17 निरीक्षक, 16 उप निरीक्षक, 16 सहायक उप निरीक्षक, 42 प्रधान आरक्षक, 178 आरक्षक और 46 महिला आरक्षक सहित कुल 326 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस सम्मेलन में सुनी समस्याएं
परेड के बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में डीआईजी-एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्वास्थ्य, स्थानांतरण, वेतन, सेवा और आवास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल आवश्यक निर्देश दिए गए।
साथ ही पुलिस मुख्यालय और रेंज मुख्यालय से जारी आदेश-निर्देशों की जानकारी देते हुए मोबाइल पेट्रोलिंग, जवाबदेही, पारदर्शिता, सामुदायिक पुलिसिंग, महिला व बाल सुरक्षा तथा नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बीट सिस्टम और एप के जरिए निगरानी
बैठक में कहा गया कि बीट प्रणाली को मजबूत बनाकर पुलिस अपनी उपस्थिति और विश्वसनीयता बढ़ाए। लोगों से संपर्क बढ़ाने से सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और अपराधों पर नियंत्रण संभव होगा।
अनुभव एप और सशक्त एप के माध्यम से अब तक लगभग 20 से अधिक चोरी के वाहन बरामद किए जा चुके हैं। इन एप्स के जरिए थानों की कार्यप्रणाली की निगरानी भी की जा रही है।
पुलिस लाइन और संसाधनों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया गया और रख-रखाव, संसाधनों की मरम्मत व उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पुलिस के आधुनिकीकरण के तहत बलवा नियंत्रण और सुरक्षा उपकरणों की खरीदी की गई है, जिससे लगभग 1000 जवानों को बलवा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा पुलिस विभाग को 16 बोलेरो वाहन, 2 मध्यम मालवाहक ट्रक और 1 बस भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे थानों और चौकियों की व्यवस्थाएं मजबूत होंगी।
आवास सुविधा भी बढ़ेगी
पुलिस कर्मियों के लिए 108 नए क्वार्टर स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कर्मचारियों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण के अंत में डीआईजी-एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया ।
