रोशनी न्यूज़ :
थाना कोटा क्षेत्र में स्थित Dr. C. V. Raman University के छात्रावास से एक छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च को थाना कोटा में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया। जानकारी के मुताबिक रोहित कुमार (19 वर्ष), पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) जो विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहता था, 6 मार्च 2026 को शाम करीब 4 बजे से अचानक लापता है। इस संबंध में छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को छात्रावास के कमरे से एक मोबाइल फोन (बिना सिम), ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नोट्स वाला एक पेज और एक नोटबुक बरामद हुई है। नोटबुक में लगभग 40 लाख 77 हजार 400 रुपये का लेन-देन का हिसाब दर्ज मिला है, जिससे ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित ऑनलाइन गेमिंग में सक्रिय था और कई लोगों से पैसों का लेन-देन करता था। घटना वाले दिन भी उसने अपने साथियों से कैश में पैसे मांगे थे और यूपीआई से तुरंत वापस करने की बात कही थी। बैंक डिटेल की जांच में करीब 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं, जिसमें अलग-अलग लोगों और ऐप्स के माध्यम से पैसों का आदान-प्रदान हुआ है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने छात्रावास के छात्रों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। साथ ही यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, स्कूल, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
डॉग स्क्वाड की मदद से छात्रावास से कोटा रेलवे स्टेशन तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रोहित के भाई-बहनों को उसके बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी।
पुलिस ने युवक की जानकारी अन्य जिलों को भी भेज दी है और परिजनों को जांच में शामिल कर पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को रोहित कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें।