पुलिस की मौजूदगी में गांजा, एमडीएमए और हजारों टेबलेट-इंजेक्शन नष्ट

बिलासपुर में मादक पदार्थों का नष्टीकरण, 757 किलो से अधिक गांजा सहित हजारों टेबलेट-इंजेक्शन नष्ट


बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। जिला बिलासपुर में विभिन्न प्रकरणों में जब्त कुल 757.603 किलोग्राम गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय अटल नगर नवा रायपुर के पत्र क्रमांक एफ-9-53/2024/1/5 दिनांक 21 नवंबर 2024 के निर्देशानुसार जिलों में जब्त मादक पदार्थों के निपटान के लिए जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति गठित की गई है। इसी क्रम में बिलासपुर जिले के विभिन्न प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को सूची अनुसार नष्ट किया गया।


नष्टीकरण की गई सामग्री में 757.603 किलोग्राम गांजा, 16.6 ग्राम एमडीएमए, 12,164 टेबलेट/कैप्सूल, 8,818 इंजेक्शन एम्पुल तथा 6,468 सिरप शामिल हैं।
यह कार्रवाई 11 मार्च 2026 को मोहतराई स्थित सुधा बॉयों पॉवर प्रा. लिमिटेड के फर्नेस में विधिवत जलाकर एवं रोलर के माध्यम से नष्ट कर पूरी की गई।
इस दौरान उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी तथा पंचगण उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और जब्त किए गए नशीले पदार्थों का समय-समय पर विधिवत नष्टीकरण किया जाता है, ताकि इनका दोबारा दुरुपयोग न हो सके।