अब बिना नंबर प्लेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, बिलासपुर पुलिस सख्त

बिलासपुर में बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्ती, पेट्रोल पंपों को भी पुलिस की चेतावनी

बिलासपुर में बिना नंबर प्लेट और फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई, पेट्रोल पंपों को भी पुलिस की सख्त चेतावनी

बिलासपुर।
बिलासपुर पुलिस द्वारा गलत, फर्जी या बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया गया है। अब ऐसे वाहनों को पेट्रोल और डीजल भी नहीं मिलेगा। पुलिस ने जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना नंबर प्लेट या नियमों के विपरीत नंबर प्लेट वाले वाहनों को किसी भी हालत में ईंधन न दिया जाए।
रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अपराधों पर नियंत्रण के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से चेकिंग पॉइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जिन वाहनों में नंबर प्लेट नहीं है, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई है, अमानक नंबर प्लेट लगाई गई है या किसी अन्य वाहन का नंबर लिखकर वाहन चलाया जा रहा है, ऐसे वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। गंभीर मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।
यातायात पुलिस ने पेट्रोल-डीजल पंप संचालकों से भी अपील की है कि यदि कोई वाहन संदिग्ध या गलत नंबर प्लेट के साथ आए तो उसे ईंधन न दें और तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें, ताकि ऐसे वाहनों के माध्यम से होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि गलत नंबर प्लेट या बिना नंबर प्लेट के वाहन न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि कई बार सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों में भी इस्तेमाल किए जाते हैं। ऐसी स्थिति में वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है।

यातायात पुलिस की अपील:

आम नागरिक यदि कहीं भी बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहन चलते हुए देखें तो इसकी सूचना तुरंत यातायात पुलिस या नजदीकी थाने को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।