“एक भारत श्रेष्ठ भारत” के तहत बिलासपुर में स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज कार्यक्रम शुरू, गुजरात के पोरबंदर से पहुंचा 15 सदस्यीय पुलिस दल

बिलासपुर | डेस्क खबर
“एक भारत श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज के 14वें चरण की शुरुआत बिलासपुर में हो गई है। इस कार्यक्रम के तहत गुजरात पुलिस के पोरबंदर जिले से 15 अधिकारी और कर्मचारियों का दल 10 मार्च 2026 को बिलासपुर पहुंचा।

 


बिलासपुर पहुंचने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दल का औपचारिक स्वागत किया और सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों, जनजागरूकता अभियानों तथा सामुदायिक सहभागिता आधारित पुलिसिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के तहत गुजरात से आए अधिकारी और कर्मचारी अगले 20 दिनों तक बिलासपुर रेंज और विशेष रूप से बिलासपुर जिले की पुलिसिंग व्यवस्था का अध्ययन करेंगे। इस दौरान उन्हें थाना, चौकी, पुलिस लाइन, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण सहित विभिन्न पुलिस इकाइयों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा।
इसके अलावा जिले में संचालित “चेतना अभियान” सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अपराध रोकथाम और नागरिक सहभागिता के प्रयासों की भी जानकारी साझा की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय उच्च न्यायालय, न्यायिक अकादमी, प्रमुख पर्यटन स्थल, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा, जिससे छत्तीसगढ़ की सामाजिक-सांस्कृतिक संरचना और प्रशासनिक व्यवस्था की समग्र जानकारी मिल सके।
साथ ही पुलिस के सहयोगी तंत्र जैसे रेडियो शाखा, विशेष शाखा, फिंगर प्रिंट यूनिट, एफएसएल, नगर सेना, एसडीआरएफ एवं छत्तीसगढ़ बल के समन्वित कार्यों के माध्यम से कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया को भी समझाया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।