रायपुर | संवाददाता
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बुधवार को राजधानी रायपुर में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पार्टी 9 जून से 21 जून तक राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा, “बैठक में इन कार्यक्रमों की योजना, संरचना और विधायकों की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों के माध्यम से बड़े पैमाने पर योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।”
साव ने यह भी बताया कि 25 जून को भाजपा आपातकाल दिवस के रूप में मनाएगी। उन्होंने कहा, “25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र और संविधान को कुचला था। उस दिन कांग्रेस के काले अध्याय को जनता के सामने लाने के लिए विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।”
भाजपा द्वारा पर्यावरण और पारिवारिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए एक विशेष अभियान “एक पेड़ मां के नाम” भी चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाएंगे।
पार्टी का फोकस जनसंपर्क और जनजागरूकता पर
भाजपा का यह कार्यक्रम न केवल सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने का माध्यम बनेगा, बल्कि इसका उद्देश्य विपक्षी दलों की विफलताओं को भी जनता के समक्ष लाना है। पार्टी ने सभी विधायकों और कार्यकर्ताओं को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए हैं।
