बिलासपुर।
South Eastern Coalfields Limited ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी Coal India Limited की एकमात्र ऐसी सहायक कंपनी बन गई है, जिसने कोयला उत्पादन, प्रेषण (ऑफटेक) और ओवरबर्डन रिमूवल (OBR) — तीनों प्रमुख मानकों में एक साथ वृद्धि दर्ज की है।
कंपनी ने इस वित्तीय वर्ष में 176.2 मिलियन टन कोयला उत्पादन, 178.6 मिलियन टन प्रेषण और 364.3 मिलियन क्यूबिक मीटर ओबीआर हासिल किया, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।
इतना ही नहीं, एसईसीएल ने भूमि अधिग्रहण के क्षेत्र में 867 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज कर विकास की नई दिशा भी तय की है।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए कंपनी ने 13.96 लाख पौधरोपण, 43.78 मेगावाट सौर ऊर्जा स्थापना और खदान जल के माध्यम से 3800 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कंपनी के सीएमडी Harish Duhan ने कहा कि यह सफलता कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने इसे देश की ऊर्जा सुरक्षा के प्रति कंपनी की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
