बिलासपुर। आज कलेक्टर कार्यालय में एनएसयूआई के छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विक्की यादव, एनएसयूआई अध्यक्ष बेल्थरा के नेतृत्व में किया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग की लापरवाही और मिलीभगत के कारण लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं। हाल ही में बोर्ड परीक्षा के हिंदी विषय का पेपर लीक होने की खबर से छात्रों में भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में छात्रों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि पेपर लीक जैसे मामलों से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। वहीं, मस्तूरी क्षेत्र में परीक्षा शुरू होने में करीब 40 मिनट की देरी को भी छात्रों ने गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी अव्यवस्थाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।