स्कूल प्रबंधन पर पक्षपात, धमकी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
बिलासपुर: वेतन वृद्धि रोकने पर शिक्षिका का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
बिलासपुर, 24 मार्च 2026।
जिले में एक शिक्षिका द्वारा स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। शिक्षिका ने अपनी वार्षिक वेतन वृद्धि रोके जाने को लेकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती सुपर्णा टेंगवर ने अपने आवेदन में बताया है कि उनकी एक वार्षिक वेतन वृद्धि को असंचयी प्रभाव से रोक दिया गया है। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए शीघ्र बहाली की मांग की है।
शिक्षिका का कहना है कि इस मामले में उन्होंने पूर्व में भी पुनः जांच के लिए आवेदन दिया था, लेकिन 24 मार्च 2026 तक उच्च अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे वे मानसिक रूप से परेशान और आहत हैं।
आवेदन में उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर पक्षपात, भेदभाव और उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। शिक्षिका का दावा है कि प्राचार्या समेत कुछ शिक्षक उनके साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं, उनके कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप किया जाता है और उन्हें लगातार धमकाया जाता है।
इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी वेतन वृद्धि को जानबूझकर रोका गया है और इस पूरे मामले में पैसों के लेन-देन के जरिए कार्रवाई को प्रभावित किया जा रहा है।
पीड़ित शिक्षिका ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी रोकी गई वेतन वृद्धि को जल्द बहाल किया जाए।
