बिलासपुर।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) बिलासपुर ने महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, मंगला बिलासपुर तथा महर्षि शिक्षा संस्थान में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार 16 मार्च 2026 को NSUI के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय गारुडिक और प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

NSUI पदाधिकारियों का कहना है कि विभिन्न नियामक संस्थाओं और शासकीय कार्यालयों से प्राप्त जांच समिति की रिपोर्टों में महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी और महर्षि शिक्षा संस्थान के नियमविरुद्ध संचालन की पुष्टि हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
छात्र संगठन ने आरोप लगाया कि संस्थान में लंबे समय से अनियमितताओं, फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर मामले सामने आ रहे हैं, जिससे यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ता दिखाई दे रहा है।
NSUI ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
