बिलासपुर | रोशनी न्यूज डेस्क
बिलासपुर में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में महुआ लाहन बरामद किया है। थाना कोनी पुलिस ने घुटकु रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए करीब 6000 किलोग्राम महुआ लाहन को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घुटकु स्टेशन पारा से करीब 1.5 किलोमीटर दूर रेलवे लाइन के किनारे लंबी झाड़ियों में बड़ी मात्रा में महुआ लाहन छिपाकर रखा गया है, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने के लिए किया जाना था।
सूचना की तस्दीक के बाद थाना कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान झाड़ियों के बीच 300 प्लास्टिक डिब्बों में भरा करीब 6000 किलो महुआ लाहन बरामद किया। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
पुलिस ने बरामद महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
