होटल शिवा इन में अवैध हुक्का संचालन का खुलासा, तंबाकू फ्लेवर और हुक्का सामग्री सहित नगदी भी बरामद

होटल की छत पर चल रहा था हुक्का बार, चकरभाठा पुलिस की रेड — संचालक गिरफ्तार, 55 हजार का सामान जब्त

होटल शिवा इन में अवैध हुक्का संचालन का खुलासा, तंबाकू फ्लेवर और हुक्का सामग्री सहित नगदी भी बरामद

 

रोशनी न्यूज़ :- 

बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में अवैध हुक्का संचालन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोदरी स्थित होटल शिवा इन में छापा मारकर हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से होटल और बार में हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का पिलाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) पिता ओमप्रकाश गुप्ता निवासी होटल शिवा इन बोदरी को मौके से गिरफ्तार किया।

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हुक्का पॉट, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप, कोको जेल कोयला के पैकेट, एक कोल हीटर, तीन प्लास्टिक डिब्बों में तंबाकू युक्त फ्लेवर और 5000 रुपये नगद बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (COTPA) की धारा 21(1), 21(2), 27 और 4 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार और तंबाकू उत्पादों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।