कपड़ा शोरूम में बैक करते घुसी कार, व्यापारी गंभीर घायल — नाबालिग चालक को बचाने की कोशिश? धमकी भरे कॉल का आरोप, CCTV आया सामने
बिलासपुर | डेस्क खबर
बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यस्त तेलीपारा स्थित नरेश बाजार व्यावसायिक परिसर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। एक कार लापरवाही से बैक करते हुए सीधे कपड़ा शोरूम के अंदर जा घुसी, जिससे वर्षा फैशन शोरूम की संचालिका के पति विजय सबनानी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के व्यापारियों और लोगों ने तत्काल घायल विजय सबनानी को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं और नसों से जुड़ी गंभीर समस्या की भी आशंका जताई जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि कार अचानक तेज रफ्तार में बैक होती हुई शोरूम के अंदर घुस जाती है।
इधर बाजार में यह चर्चा भी है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग द्वारा चलाई जा रही थी, हालांकि इस मामले में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी जांच कर रहीसामने
पीड़ित पक्ष के सहयोगियों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपियों की ओर से दबाव और धमकी देने की कोशिश भी की जा रही है। बताया जा रहा है कि 09575222228 नंबर से फोन कर एक व्यक्ति खुद को बड़ा व्यापारी और बाहुबली बताते हुए मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति का नाम विशाल बताया जा रहा है और वह कथित नाबालिग चालक को बचाने की कोशिश कर रहा है। इस मामले में भी पुलिस से संज्ञान लेने की मांग की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार नरेश बाजार कपड़ा मार्केट से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा धमकी देने का आरोप लगाया जा रहा है, जिसकी कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि ऑडियो में वह पीड़ित पक्ष को धमकाते हुए मामले को दबाने की बात कर रहा है। हालांकि इस ऑडियो की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जब उक्त नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो संबंधित व्यक्ति ने “घर वालों के साथ हूं” कहकर कॉल काट दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था — बालिग या नाबालिग, जिससे पूरे मामले में नया सस्पेंस बना हुआ है।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद सिंधी समाज के अध्यक्ष विनोद मेघानी से जब इस विषय में चर्चा की गई तो उन्होंने संज्ञान लेते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को जो भी संभव मदद होगी, समाज की ओर से की जाएगी और समाज हित में जो उचित होगा, वही कदम उठाया जाएगा।