धन गुरु नानक दरबार, सिंधी कॉलोनी में पहुँचे नगर विधायक अमर अग्रवाल

धन गुरु नानक दरबार, सिंधी कॉलोनी में पहुँचे नगर विधायक अमर अग्रवाल

सिंधी कॉलोनी स्थित धन गुरु नानक दरबार (डेरा संत बाबा थाहिरिया साहिब जी) में रविवार को नगर विधायक अमर अग्रवाल पहुँचे। उन्होंने दरबार में मत्था टेका और संगत से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि यहाँ विगत कई वर्षों से सालाना चलिया महोत्सव का आयोजन किया जाता है। साथ ही गुरु नानक जयंती के पूर्व परंपरागत रूप से प्रभात फेरी भी निकाली जाती है, जिसमें शहर के विभिन्न वार्डों से संगत भाग लेती है।

मूलचंद नारवानी भाई साहब ने बताया कि इस वर्ष 5 नवंबर को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इसके पूर्व प्रतिदिन सुबह शुभ 5 बजे से प्रभात फेरी शहर के सभी वार्डों में निकाली जा रही है।

दरबार परिसर में 40 दिनों का अखंड पाठ निरंतर 24 घंटे चलता है। इसके साथ 7 दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है, जिसमें संगत बड़ी श्रद्धा से भाग ले रही है।

कार्यक्रम स्थल पर भक्ति और सौहार्द का माहौल देखने लायक था।