बिलासपुर। किशोर शू-मॉल के संचालक और एम्पल इंफ्रावेंचर प्रा.लि. के डायरेक्टर मोतीलाल दयालानी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दयालानी पर धोखाधड़ी, जमीन फर्जीवाड़ा और अब होटल में गाली-गलौज और हंगामा करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
पेंडारी में रेरा उल्लंघन और जमीन घोटाला
जानकारी के अनुसार, दयालानी ने पेंडारी क्षेत्र में बिना रेरा (RERA) की अनुमति के कॉलोनी निर्माण शुरू किया था। मेसर्स एम्पल इंफ्रावेंचर नाम से कॉलोनी बनाते समय उसने अधिकारियों को गुमराह किया और नक्शे में दिखाए गए 30 फीट चौड़े रास्ते को मौके पर गायब पाया गया। अधिकारियों ने जांच में इस अनियमितता को स्वीकारते हुए कार्यवाही भी की थी।
सराफा व्यापारी से 12 लाख की ठगी
दयालानी पर पूर्व में भी जेवर खरीदी के बहाने सराफा व्यापारी से 12 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। इस मामले में अपराध दर्ज होने के बाद उसने अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी थी, जो न्यायालय द्वारा दूसरी बार निरस्त कर दी गई। दयालानी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
अब होटल ‘हरी चटनी’ में हंगामा
ताज़ा मामला उसलापुर ओवरब्रिज के पास स्थित होटल ‘हरी चटनी’ से जुड़ा है। होटल संचालक द्वारा सिविल लाइन थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, दिनांक 24 जून 2025 को दोपहर लगभग 3 बजे मोतीलाल दयालानी, उसका पुत्र मानव दयालानी और भतीजा राहुल दयालानी होटल पहुंचे।
आरोप है कि मोतीलाल दयालानी ने होटल मैनेजर शुभम गुप्ता के साथ गाली-गलौज की, काउंटर से उठाकर स्वयं बैठ गया और ग्राहकों से प्राप्त नगद राशि अपने पास रख ली।

मानव दयालानी ने होटल में लगे ऑनलाइन पेमेंट स्कैनर को हटाकर दूसरा स्कैनर लगाने की कोशिश की, जिस पर रोकने पर उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
घटना की जानकारी मिलने पर होटल संचालक रात करीब 8:30 बजे होटल पहुँचा। आरोप है कि मोतीलाल दयालानी ने गाली-गलौज करते हुए कहा —
“ये होटल मेरा है, मैं अपने तरीके से चलाऊँगा… यहाँ दुबारा कदम मत रखना, नहीं तो अंजाम बुरा होगा।”
होटल में हंगामा इतना बढ़ गया कि किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँचकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद दयालानी और उसके साथ आए लोग वहाँ से चले गए।
होटल संचालक ने बाद में बताया कि घटना के बाद सीसीटीवी डीवीआर, नकद रकम और काउंटर में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे।
लगातार विवादों में दयालानी
सूत्र बताते हैं कि मोतीलाल दयालानी और उसके परिवार से जुड़ी और भी शिकायतें पुलिस तक पहुँच चुकी हैं, लेकिन कई लोग अब तक सामने आने से डर रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
“रोशनी न्यूज़” की पहचान हमेशा से सत्य और निष्पक्ष पत्रकारिता रही है।
पूर्व में भी हमने हीरा भागवानी जैसे मामलों की सच्चाई उजागर कर समाज के सामने रखी थी।
हमारा उद्देश्य हमेशा से रहा है — जनहित में सत्य को प्रकाश में लाना और समाज को जागरूक करना।
इसी निष्ठा के साथ रोशनी न्यूज़ आगे भी निर्भीक और सटीक खबरें प्रस्तुत करता रहेगा।
